मुख्यमंत्री बनाये जाने की अटकलों पर गडकरी ने लगाया विराम

मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर गतिरोध जारी है। गुरुवार को नागपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों का खंडन किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा- मैं दिल्ली में ही खुश हूं और वहीं अपना काम जारी रखूंगा। मेरे महाराष्ट्र वापस आने का सवाल ही नहीं है। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस जी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।

नागपुर के रहने वाले गडकरी आज संघ प्रमुख मोहन भागवत से भी मुलाकात करेंगे। इस परउन्होंने कहा कि यह अलग मुद्दा है। महाराष्ट्र में सरकार के गठन से कोई लेना-देना नहीं है।राज्य में जल्द ही सरकार पर फैसला होगा। शिवसेना से बातचीत जारी है।

किशोर तिवारी ने गडकरी को भेजने की मांग की थी
इससे पहले शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के नजदीकी किशोर तिवारी ने मोहन भागवत को पत्र लिखकर नितिन गडकरी को विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी देने की बात कही थी। तिवारी ने कहा था कि गडकरी भाजपा और शिवसेना के बीच जारी गतिरोध को दो घंटे में सुलझा सकते हैं।

फडणवीस ने शाह, गडकरी और भागवत से मुलाकात की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को दिल्ली में अमित शाह और नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। इसके बाद मंगलवार रात को उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत से भी नागपुर में लंबी चर्चा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *