श्रीनगर। मौलाना आजाद रोड पर सोमवार को सुरक्षाबलों पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई। रिहायशी इलाके में किए गए इस हमले में 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीक के अस्पातल में भर्ती करवाया गया है।
पिछले महीने जम्मू कश्मीर के अवंतीपोरा इलाके में सुरक्षा बलों ने जैश के 3 आतंकियों को मार गिराया था। सेना को इस क्षेत्र में आतंकियों के होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। सुरक्षा बलों को इलाके की घेराबंदी करते देख आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी मारे गए थे। पुलिस ने आतंकियों के पास से गोला-बारूद बरामद किया था।
तीनों आतंकियों की पहचान हामिद लोन उर्फ अब्दुल हमीद लल्हारी, नवीद टाक और जुनैद भट के तौर पर हुई थी। लल्हारी को जाकिर मूसा का उत्तराधिकारी माना जा रहा था। मूसा इसी साल मई में मारा गया था। मूसा हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी था। बाद में उसने अंसार गजवातुल हिंद आतंकी संगठन बनाया, जिसके अलकायदा से रिश्ते थे।