भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का देहरादून में हुआ भव्य स्वागत

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने एक दिवसीय दौरे में आज सुबह देहरादून पहुंच चुके हैं। अपने इस दौरे में वह प्रदेश संगठन की नई टीम की संभावनाएं टटोल सकते हैं।

जेपी नड्डा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां पर उनकी अगवानी राज्य के प्रोटोकॉल मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश संगठन मंत्री नरेश बंसल ने की। इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी एयरपोर्ट पहुंचे और उनका स्वागत किया। रिस्पना पुल पर नड्डा का भव्य स्वागत हुआ। नड्डा के साथ भाजपा महामंत्री संगठन शिव प्रकाश भी देहरादून पहुंचे हैं।

अभी तक तय कार्यक्रम के अनुसार, वे प्रदेश संगठन के प्रमुख नेताओं के साथ बैठकें करेंगे, जिनमें वे सांगठनिक चुनावों की रिपोर्ट ले सकते हैं। प्रदेश महामंत्री संगठन के पद पर पार्टी अजय कुमार की तैनाती कर चुकी है।

अब पार्टी को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर निर्णय लेना है। पार्टी के भीतर एक तबका सांसद अजय भट्ट को ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर काबिज रखने के पक्ष में है, लेकिन बड़ा वर्ग यही मान रहा है कि संगठन की कमान नए चेहरे को सौंपी जाएगी। वे चेहरे कौन हो सकते हैं, इस बारे में संगठन का प्रांतीय नेतृत्व नड्डा को फीडबैक दे सकता है।

सियासी हलकों में ये प्रश्न भी तैर रहा है कि नड्डा का अनायास उत्तराखंड दौरे के निहितार्थ क्या हैं? संगठन से जुड़े सूत्रों की मानें तो दिसंबर तक केंद्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला हो जाना है। इससे पहले प्रदेश में भी ब्लाक, जिला व प्रदेश इकाइयों का गठन हो जाना है। नवंबर आखिर तक पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी हो जाएगी। माना जा रहा है कि नड्डा अलग-अलग प्रदेशों में जाकर संगठनों की नब्ज टटोल रहे हैं।

हाल ही में निपटे पंचायत चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बारे में पार्टी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी जा सकती है। साथ ही उन्हें पिछले ढाई साल के दौरान प्रदेश सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और फैसलों के बारे में बताया जा सकता है। बैठक में नड्डा राष्ट्रीय स्तर पर दिए गए कार्यक्रमों की रिपोर्ट ले सकते हैं।

नड्डा सुबह 9.30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे। 10.15 बजे उनका डोईवाला में स्वागत हुआ। 12 बजे वह भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां वह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। ढाई बजे सांसद व विधायकों की बैठक करेंगे। 4.30 बजे महानगर भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *